– मंडल जोन प्रभारी रविकांत मौर्य पार्टी से निष्कासित 

झांसी। बहुजन समाज पार्टी की मुखिया मायावती ने निकाय चुनाव में झांसी मंडल में संगठन में बड़ा बदलाव किया है। अनुशासन हीनता के कारण मंडल जोन प्रभारी रविकांत मौर्य को पार्टी से निष्कासित कर दिया गया है। इसके साथ ही पूर्व जिलाध्यक्ष और पूर्व झारखंड प्रभारी चन्द्रदत्त गौतम उर्फ राजू को झांसी मंडल का प्रभारी बनाया गया है। इसके पीछे बहुजन समाज पार्टी के खिसकते जनाधार व ताकत को सशक्त बनाना है।

दरअसल, बसपा में मिशनरी कार्यकर्ता चन्द्र दत्त गौतम की छवि संगठन में जुझारू नेता की है। पार्टी मुखिया ने उन पर भरोसा करते हुए उन्हें झांसी मंडल की कमान सौंपी है। इस बदलाव से पार्टी के कार्यकर्ताओं में खुशी व उत्साह है।

मंगलवार की शाम बसपा ने मंडल जोन इंचार्ज रविकांत मौर्य को पार्टी से निष्कासित कर दिया। उन पर अनुशासनहीनता का आरोप लगाते हुए यह कार्रवाई की गई। बता दें कि बीते रोज बसपा के बुंदेलखंड प्रभारी ने मौर्य के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज कराया था।  रविकांत मौर्या अपनी पत्नी के लिए बसपा से टिकट मांग रहे थे, जबकि पार्टी सुप्रीमो ने उन्हें चुनाव न लड़ने के निर्देश दिए थे। बावजूद, वे नहीं माने। इस अनुशासनहीनता पर उन्हें पार्टी से निष्कासित कर दिया गया है। बता दें कि बसपा के बुंदेलखंड प्रभारी लालाराम अहिरवार ने रविकांत मौर्य के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज कराया है। मौर्य पर घर में घुसकर धमकाने का आरोप लगाया गया है।