योगी का वायदा- भाजपा प्रत्याशियों को जिताएं, हम विकास के लिए धन की कमी नही होने देंगे 

झांसी। झांसी में चुनावी सभा में सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पिछली सरकारों व गुण्डों माफियाओं पर जम कर गरजे। उन्होंने कहा गरीब को छेड़ेंगे नही गुंडा माफिया अपराधी को छोड़ेंगे नही। साथ ही उन्होंने कहा की पिछली सरकारों ने झांसी के विकास पर ध्यान नहीं देकर लूट-खसोट की। उन्होंने वायदा किया कि नगर निगम व नगर निकाय के चुनाव में भाजपा के प्रत्याशियों को जीत दिलाएं तो हम विकास के लिए पैसे की कोई कमी नही होने देंगे।

मंगलवार को प्रयागराज में चुनावी सभा को संबोधित कर झांसी पहुंचे योगी आदित्यनाथ ने यहां क्राफ्ट मेला मैदान में निकाय चुनाव सभा में वीरांगना रानी लक्ष्मी बाई को नमन करते कहा बुंदेलखंड वीर और वीरांगनाओं की भूमि है। आजादी के बाद जिनके हाथों में सत्ता रही उन्होंने बुंदेलखंड के विकास को सोचा ही नहीं। उनके गुर्गों ने विकास के संसाधनों पर डकैती डाली। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा की केंद्र में सरकार बनते ही विकास का विजन दिया और बुंदेलखंड को डिफेंस कोरिडोर व बुंदेलखंड औद्योगिक अथॉरिटी के जरिए से हजारों बेरोजगारों को रोजगार मिलेगा। बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे का शुभारंभ हो गया। औद्योगिक विकास के लिए 6 हजार करोड़ की घोषणा की। पैसा आवंटित हो गया अब यहां का नौजवान रोजगार के लिए बुंदेलखंड से बाहर नहीं जायेगा बल्कि जिन्हे नौकरी के लिए बाहर के लोग आयेंगे यहां।

उन्होंने कानून व्यवस्था के मुद्दे पर कहा की अपराधी जेल में हैं, गरीबों के साथ अब कोई अन्याय करने वाला नहीं। उन्होंने मंच से कहा की गरीब को छेड़ेंगे नही अपराधी को छोड़ेंगे नही। उन्होंने बताया की हर घर जल हर घर नल की योजना के तहत बुंदेलखंड के सातों जनपदों के घरों में आरो का पानी पहुंचाया जाएगा, बुंदेलखंड को हरा भरा बनाकर देश का सर्वश्रेष्ठ बुंदेलखंड बनाकर पेश करेंगे। बुंदेलखंड के कई डकैत जेल जा चुके है बाकी और जायेंगे। उन्होंने ताकीद की कि गरीब और शरीफ को छेड़ना नही है, गुंडा अपराधी को सीना तान कर नही चलने देना है। डबल इंजन की सरकार मजबूती से कार्य कर रही। हमने जो कहा करके दिखाया। हर गरीब को मकान आवास व शौचालय दिए जा रहे हैं। इसके तहत 54 लाख आवास दिलवाए, 2 करोड़ लोगों के घरों में शौचालय दिए, अब होली व दिवाली पर फ्री गैस सिलेंडर भी मिलेगा। यूपी में बिजली हर जगह पहुचाई। जो क्या भाई – बहन और बुआ – भतीजा की सरकारें नही कर पाई वह डबल इंजन की सरकार ने कर दिखाया है। हर गांव के घरों में बिजली पहुचा कर विकास की मुख्य धारा से जोड़ा गया है।

उन्होंने कहा कि सपा व बसपा युवाओं के हाथों में तमंचे पहुंचाते थे हमने युवाओं को टैबलेट दिया है जो इंटरनेट से जुड़ कर देश विदेश को सेवा देगा। व्यापारी से रंगदारी, महिलाओं से छेड़खानी अब नही होती। गुंडे और शोहदे पहले वसूली करते थे, अब वह जेल में हैं। हमारी सिटी सेव सिटी बन गई। उन्होंने कहा की स्मार्ट सिटी के रूप में पूर्व में रहे महापौर रामतीर्थ सिंहल के समय बहुत कार्य हुआ विकास का। कूड़ा, गंदगी अब नही दिखती। झांसी के किले में हो रहे लाइट एंड साउंड के कार्यक्रम 1857 की याद दिलाता है।

बिहारी को सज्जनता व शालीनता का ईनाम मिला 

उन्होंने बाहरी और टिकट वितरण को लेकर चल रहे असंतोष पर डैमेज कंट्रोल करने में कसर नहीं छोड़ी। उन्होंने बताया की बिहारी लाल भाजपा के कर्मठ कार्यकर्ता हैं। उन्हें मऊरानीपुर विधान सभा में चुनाव में मौका नही मिला लेकिन बिहारी की शालीनता, सज्जनता को देख कर भाजपा ने झांसी नगर निगम से महापौर प्रत्याशी बनाया है। योगी ने जनता से अपील करते हुए कहा की बिहारी लाल आर्य को भाजपा के कमल का बटन दबाकर महापौर बनाएं वह रामतीरथ सिंघल के कार्यों को आगे बढ़ाएंगे। उन्होंने आश्वासन दिया कि आप बिहारी लाल को महापौर सहित नगर पालिका के भाजपा प्रत्याशियों को जिताएं, झांसी से विकास के जो भी प्रस्ताव आयेंगे हम पैसा बिना सोचे जारी कर देंगे। उन्होंने जनता से अपील करते हुए कहा की नगर निगम और नगर निकाय में भाजपा के सभी प्रत्याशियों को कमल का बटन दबाकर विजय बनाए उसके बाद आपके क्षेत्र के विकास की कार्य की जिम्मेदारी हमारी। विकास के लिए पैसे की कमी नही आने दी जाएगी। बुंदेलखंड के विकास और जनता की बुनियादी के लिए पैसे की कोई कमी नही होने दी जाएगी।

जवाहर देंगे धरना, तो बचे खुचे गुर्गे भी जाएंगे जेल

मुख्यमंत्री योगी ने मंच से किसी का नाम लिए बगैर कहा कि हमने बड़े बड़े गुर्गों को जेल भेजा है और गरौठा विधायक जवाहर लाल राजपूत जिस दिन फिर धरने पर बैठेंगे तो बचे गुर्गे भी जेल चले जायेंगे। सीएम की इस बात पर जमकर तालियां बजीं।

इस दौरान केंद्रीय मंत्री भानु प्रताप वर्मा, मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, वेवी रानी मौर्य, मानवेन्द्र सिंह, सांसद अनुराग शर्मा, शिक्षक विधायक बाबू लाल तिवारी, एमएलसी रमा निरंजन, सदर विधायक रवि शर्मा, बबीना विधायक राजीव सिंह पारीछा, गरौठा विधायक जवाहर लाल राजपूत, जिला पंचायत अध्यक्ष पवन गौतम जिलाध्यक्ष मुकेश मिश्रा आदि उपस्थित रहे।