झांसी। जिले के टोड़ीफतेहपुर थाना क्षेत्र में ढुरबई में गृह कलेश से परेशान होकर युवक ने फांसी लगा कर आत्महत्या कर ली। मरने से पहले उसका अपनी पत्नी से झगड़ा हुआ था। इससे पहले भी वह कई बार आत्महत्या का प्रयास कर चुका था।
जिले के टोड़ीफतेहपुर थानान्तर्गत ग्राम डुरबई में लगभग 38 वर्षीय रवि कुमार श्रीवास अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ रहता था। परिजनों के अनुसार रवि शराब पीने का आदी था। जिस कारण अक्सर उसका अपनी पत्नी ओर क्षेत्रवासियों से झगड़ा होता था। विगत दिवस भी उसका पत्नी से शराब के नशे में झगड़ा हुआ था। किसी प्रकार झगड़े को शांत कराया। पत्नी बच्चों को लेकर कमरे में चली गई। इसी दौरान उसने फांसी लगाने का प्रयास किया उस समय परिजनों ने देख लिया और उसे ऐसा करने से रोक दिया।
परिवार सदस्य जैसे ही अपने-अपने घर गए तभी उसने पुनः फांसी लगा ली। जैसे ही चचेरे भाई को पता चला कि उसने भागकर रस्सी काटी उसे नीचे उतारा। इसके बाद उसे उपचार के लिए काफी देर इधर-उधर भटकता रहा, कई डॉक्टरों को दिखाया लेकिन हालत में सुधार नहीं हुआ। आखिर में उसे झांसी मेडिकल कालेज लाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।









