गांव, गांव – पांव, पांव यात्रा, चित्रकूट धाम के भरतकूप से 27 जुलाई को प्रारंभ होगी

0
36

ओरछा मप्र। बुंदेलखंड संयुक्त मोर्चा के द्वारा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजा बुंदेला के नेतृत्व में, पृथक बुंदेलखंड राज्य निर्माण हेतु, चलाए जा रहे आंदोलन के क्रम में, गांव गांव पांव पांव यात्रा, चित्रकूट धाम जिला में 27 जुलाई को भरतकूप से प्रारंभ होगी। जो 02 अगस्त को कामता नाथ मंदिर पर समाप्त होगी।

इस यात्रा में झारखंड के सूरज मंडल, गोरखालैंड के बासु मुतारी, पश्चिम प्रदेश समर्थक आरके तोमर एवं पूर्वांचल मोर्चा के अशोक चौबे भी अपनी सहभागिता करेंगे।गौरतलब है कि बुंदेलखंड संयुक्त मोर्चा में बुंदेलखंड राज्य निर्माण में कार्य करने वाले 18 संगठन जुड़े हुए हैं।

ज्ञात होना चाहिए कि, पृथक बुंदेलखंड राज्य निर्माण आंदोलन की यह गांव गांव पांव पांव यात्रा का प्रारम्भ 12 अक्टूबर 2024 को बुंदेलखंड के ललितपुर जिला के तुवन मन्दिर से हुआ था। यह यात्रा झांसी, जालौन, हमीरपुर, महोबा एवं बांदा जिले में सम्पन्न हो चुकी है। आंदोलन की इस यात्रा का समापन चित्रकूट जिला में होना है। राजा बुंदेला के नेतृत्व में पिछले छह जिलों में, लगभग 3000 किलोमीटर की यात्रा की जा चुकी है। इसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। छह जिलों के सभी ग्रामों, ब्लॉकों एवं तहसील पर संपर्क एवं संवाद स्थापित कर चुके हैं। साथ ही साथ सभी जिलों के, किसानों, बुद्धिजीवियों, वकीलों, सरकारी कर्मचारियों, विद्यार्थियों आदि से सम्पर्क कर चुके हैं। अब इसके पश्चात देश की राजधानी नई दिल्ली में जाकर, प्रधान मंत्री एवं गृह मंत्री से मिलकर बुंदेलखंड राज्य की मांग को रखा जाएगा तथा विभिन्न संगठनों, प्रधानों, जनप्रतिनिधियों द्वारा समर्थन में दिए गए पत्र सौंपे जाएंगे।

बुंदेलखंड संयुक्त मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रताप सिंह बुंदेला ने उक्त जानकारी देते हुए बताया कि आंदोलन की इस यात्रा के दौरान संगठन के लोग, जनपद के विभिन्न गांवों, नगर एवं ब्लाकों में जाकर ग्रामीणों से सीधा सम्पर्क तथा संवाद करते हुए, बुंदेलखंड राज्य निर्माण हेतु सबका सहयोग प्राप्त करने के लिए प्रेरित करेंगे। यह आंदोलन पूर्ण रूप से, शान्ति पूर्ण तरीके से, जन जागरण करके पृथक बुंदेलखंड राज्य निर्माण के लिए चल रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here