साथी आरोपी रफूचक्कर, तलाश जारी 

 झांसी। जिले के चिरगांव थाना क्षेत्र में पड़ोसी किशोर व उसकी विधवा मां से दुष्कर्म कर फरार दो ट्रक चालकों को पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ने का प्रयास किया। इस दौरान हुई मुठभेड़ में एक दुष्कर्मी गोली लगने से लंगड़ा हो गया, किंतु उसका साथी भागने में सफल हो गया।

यह मुठभेड़ 21 जून को 20:54 बजे चिरगांव थाना क्षेत्र में सुल्तानपुरा ओवरब्रिज से आगे झाँसी की तरफ सर्विस रोड के किनारे चैकिंग के दौरान हुई। मुठभेड में गोली लगने से घायल सत्यम परिहार उर्फ कल्लू पुत्र अमर सिंह निवासी सुल्तानपुरा थाना चिरगांव जनपद झांसी को उपचार हेतु भेज दिया गया है। उसके पास से पुलिस ने उससे एक 315 बोर का तमंचा एक जिन्दा कारतूस व तमंचे में फंसा हुआ खोखा कारतूस बरामद कर लिया।

मौके से फरार सत्यम का साथी दुष्यंत परिहार पुत्र मेहरबान निवासी सुल्तानपुरा थाना चिरगांव, झाँसी की तलाश जारी है।

गौरतलब है कि 14 जून को 65 वर्ष विधवा महिला व उसके 17 वर्षीय पुत्र के साथ सत्यम परिहार पुत्र अमर सिंह निवासी ग्राम सुल्तानपुरा व दुष्यन्त परिहार पुत्र मेहरबान परिहार द्वारा दुष्कर्म किया गया था। इस सम्बन्ध में थाना चिरगांव पर आरोपियों के खिलाफ धारा 333/64/352/351(3) बीएनएस व 3/4 पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत कर विवेचनात्मक कार्यवाही की जा रही थी।