झांसी। विधायक बबीना राजीव सिंह पारीछा ने जिलाधिकारी को पत्र में लिखा कि जनपद के ग्रामीण क्षेत्रों एवं गौशालाओं में गोवंशीय पशुओं में लंपी रोग (Lumpy Skin Disease) के संक्रमण की आशंका प्रकरणों को दृष्टिगत रखते हुए इसकी रोकथाम हेतु प्रभावी एवं समयबद्ध कदम उठाया जाना अत्यंत आवश्यक है। यह रोग गोवंश के स्वास्थ्य एवं पशुपालकों की आजीविका पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकता है।
जनपद के समस्त विकासखंडों, ग्राम पंचायतों एवं गौशालाओं में पशु चिकित्सा विभाग के माध्यम से विशेष निगरानी एवं स्वास्थ्य परीक्षण अभियान संचालित कराया जाए। संदिग्ध अथवा संक्रमित पशुओं की तत्काल पहचान कर उन्हें अन्य पशुओं से पृथक रखने, आवश्यक उपचार उपलब्ध कराने तथा विभागीय दिशा-निर्देशों के अनुरूप टीकाकरण एवं अन्य आवश्यक सुरक्षात्मक उपाय सुनिश्चित किए जाएँ।
इसके साथ ही गौशालाओं एवं पशुपालकों को लंपी रोग के लक्षण, बचाव एवं संक्रमण की स्थिति में अपनाई जाने वाली सावधानियों के संबंध में जागरूक किया जाए तथा पशु चिकित्साधिकारियों एवं संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक संसाधनों के साथ क्षेत्र में सक्रिय रखा जाए, ताकि रोग का संक्रमण अन्य पशुओं में फैलने से रोका जा सके।














