पैंट्रीकार में कई अनियमितता मिलने पर कार्रवाई
झांसी। मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अमन वर्मा के निर्देशन में ट्रेनों में नियमित रूप से की जा रहे औचक निरीक्षण के क्रम में 1 अक्टूबर को सहायक वाणिज्य प्रबंधक अनिल श्रीवास्तव के नेतृत्व में 22537 कुशीनगर एक्सप्रेस तथा 12107 सीतापुर एक्सप्रेस की पैंट्री कार में झांसी से ललितपुर स्टेशन के मध्य औचक जांच किया गया।
जांच के दौरान 22537 कुशीनगर एक्सप्रेस की पैंट्री कार में 32 बिना टिकट यात्री पाए गए। इन यात्रियों से नियमानुसार कार्रवाई करते हुए कुल ₹49,750/- का जुर्माना वसूल किया गया। सभी यात्रियों को नियमानुसार चार्ज करने के उपरांत पैंट्री कार से हटा दिया गया।
जांच के दौरान दोनों ट्रेनों की पैंट्री कार में अन्य कई अनियमितताएं भी पाई गईं। पैंट्री कार में मानक से छोटे आकार के लगभग 500 गिलास पाए गए, जिन्हें जब्त कर लिया गया। इसके अतिरिक्त अनधिकृत पानी की बोतलों की 20 पेटियां भी बरामद की गईं, जिन्हें ललितपुर स्टेशन पर जमा करा दिया गया।
जांच में सामने आई अन्य अनियमितताओं एवं प्राप्त शिकायतों के संबंध में विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर संबंधित विभाग को आवश्यक कार्रवाई हेतु भेजी जा रही है। इस जांच में मंडल मुख्य टिकट निरीक्षक श्री मनोहर लाल मीणा, सीटीआई स्टेशन श्री अशोक त्रिपाठी, सीटीआई श्री संजीव श्रीवास्तव, सीसीआई श्री सोहन राय, कैटरिंग इंस्पेक्टर श्री अशोक कुमार एवं अन्य टिकट चेकिंग स्टाफ ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।














