ट्रेन से परिवहन किए जा रहे थे 133.17 किलोग्राम चांदी के आभूषण बरामद, एक पकड़ा गया
झांसी। आगामी त्योहारों के मद्देनजर रेलवे स्टेशन पर संदिग्ध व्यक्तियों और वस्तुओं की जांच के दौरान रेलवे सुरक्षा बल की क्राइम विंग (D&I), झांसी और वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी स्टेशन पोस्ट की संयुक्त टीम ने ट्रेन संख्या 20806 एपी एक्सप्रेस से 133.17 किलोग्राम चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। चार सफेद प्लास्टिक के बोरों में रखे इन आभूषणों की अनुमानित कीमत 2 करोड़ 55 लाख 31 हजार 628 रुपये बताई गई है। इस मामले में एक व्यक्ति को पकड़कर आगे की कार्रवाई के लिए राज्य कर विभाग (जीएसटी), झांसी को सौंप दिया गया।
रेलवे सुरक्षा बल के प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त, उत्तर मध्य रेलवे, प्रयागराज के निर्देशों के अनुपालन में 19 अक्टूबर को यह कार्रवाई की गई। क्राइम विंग (D&I), झांसी और वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी पोस्ट की टीम ने मुरैना एवं ग्वालियर पोस्ट तथा क्राइम विंग ग्वालियर के सहयोग से प्राप्त सूचना के आधार पर ट्रेन संख्या 20806 एपी एक्सप्रेस में जांच की। इस दौरान चार सफेद प्लास्टिक के बोरों में चांदी के आभूषण डिब्बों और पन्नी सहित ले जाए जा रहे थे। टीम ने इन्हें बरामद करते हुए संबंधित व्यक्ति को पकड़ लिया।
पकड़े गए व्यक्ति की पहचान नारद तोमर (22 वर्ष), पुत्र हनुमंत तोमर, निवासी ग्राम मोटिन, थाना अमोला, जिला शिवपुरी, मध्य प्रदेश के रूप में हुई है। बरामद चांदी का कुल वजन 133.17 किलोग्राम पाया गया। इसकी अनुमानित कीमत 2,55,31,628 रुपये आंकी गई है। वास्तविक कीमत का निर्धारण अधिकृत टंच संस्था से मूल्यांकन कराए जाने के बाद किया जाएगा।
मामले में आगे की कार्रवाई के लिए राज्य कर विभाग, झांसी की सचलदल पंचम इकाई के सहायक आयुक्त को सूचना दी गई। उनके वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी स्टेशन स्थित आरपीएफ पोस्ट पर पहुंचने के बाद बरामद चांदी और संबंधित व्यक्ति को आवश्यक वजन की प्रक्रिया पूरी कर सुपुर्द कर दिया गया। अब राज्य कर विभाग मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई करेगा।
इस संयुक्त कार्रवाई में डिटेक्टिव विंग झांसी से निरीक्षक ओम प्रकाश, सहायक उपनिरीक्षक नवीन कुमार, प्रधान आरक्षक उमेश कुमार और आरक्षक सुरेंद्र सिंह बिष्ट शामिल रहे। वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी पोस्ट से निरीक्षक बबलू कुमार, उपनिरीक्षक जितेंद्र सिंह यादव, उपनिरीक्षक अंकित कुमार, आरक्षक संतोष कुमार, आरक्षक दशरथ सिंह और आरक्षक विकास गुर्जर ने कार्रवाई में भाग लिया। ग्वालियर पोस्ट से आरक्षक विजय शर्मा तथा क्राइम विंग ग्वालियर से अंकित कुमार ने भी सहयोग किया।
रेलवे सुरक्षा बल द्वारा आगामी त्योहारों को देखते हुए स्टेशनों और ट्रेनों में संदिग्ध व्यक्तियों तथा वस्तुओं की जांच की जा रही है, ताकि रेल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के साथ अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाया जा सके।














