बेचने के पहले 4 चोर गिरफ्तार, चोरी की केबिल के टुकड़े बरामद
झांसी। आरपीएफ की बबीना आउटपोस्ट ने डीजल इंजन से ट्रैक्शन मोटर की केबल व अन्य तार चोरी का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 27 हजार रुपये कीमत की चोरी केबिल के टुकड़े, तार काटने के औजार व वारदात में इस्तेमाल की गई दो मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं।
रेलवे सुरक्षा बल की बबीना चौकी पर 5 अक्टूबर 2026 को दर्ज केबिल चोरी के मामले की जांच की जा रही थी। जिसमें बुढ़पुरा स्थित पीक्यूआरएस साइडिंग में खड़े डीजल इंजन संख्या 70505 की अंडरट्रैक में लगी चार ट्रैक्शन मोटरों की केबल और अन्य तार काट कर चोरी कर लिए गए थे।
आरपीएफ टीम को जांच में पता चला कि बृजेश विश्वकर्मा और राहुल अहिरवार करीब एक माह पहले बुढ़पुरा स्टेशन पर रेलवे ठेकेदार के यहां पुराने स्लीपर तोड़ने का काम कर रहे थे। इसी दौरान बृजेश ने साइडिंग में लंबे समय से खड़े डीजल इंजन को देखा। उसने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर इंजन की केबल चोरी करने की योजना बनाई।
आरोपियों ने केबल काटकर उसकी बाहरी परत हटाई और तार को छोटे-छोटे टुकड़ों में करके दो बोरियों में छिपा दिया। वे चोरी के तार बेचने की तैयारी में थे, लेकिन इससे पहले ही रेलवे सुरक्षा बल ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
चोरी 36 मीटर केबल के टुकड़े समेत चोरी में प्रयुक्त औजार बरामद
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रवेश कुशवाहा (22), नीतेश कुशवाहा (20), राहुल अहिरवार (24) और बृजेश विश्वकर्मा (25) के रूप में हुई है। सभी झांसी जिले के रक्सा थाना क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं। रेलवे सुरक्षा बल ने करीब 36 मीटर लंबी केबल के तांबे के तार के टुकड़े और बंडल बरामद किए हैं। चोरी गई रेल संपत्ति की अनुमानित कीमत 27 हजार रुपये बताई गई है। इसके अलावा एक हेक्सा ब्लेड, एक कटर और चोरी में इस्तेमाल की गई दो काली स्प्लेंडर मोटरसाइकिलें भी जब्त की गई हैं।
कार्रवाई करने वाली टीम
कार्रवाई में सुश्री आशा राजपूत उप निरीक्षक; विनोद यादव व लालाराम नागर सहायक उप निरीक्षक; भानु प्रताप सिंह व दिनेश श्रीवास हेड कांस्टेबल; अब्दुल आरिफ, हेमंत कुमार व अवनीश कुमार, कांस्टेबल शामिल रहे।














