4 महीने पहले शादी हुई; पिता बोले- दामाद ने हत्या की
झांसी। थाना सीपरी बाजार क्षेत्र में होटल ऋषभ में बैंक मैनेजर की पत्नी मुस्कान (27) की लाश मिली है। वह जेई का एग्जम देने 10 अक्टूबर को मायके आई थी। 2 दिन पहले झांसी आया पति शनिवार रात पत्नी को लेकर होटल के कमरे में रुका था। रविवार दोपहर पति अपनी पत्नी को लहूलुहान हालत में होटल स्टाफ की मदद से अस्पताल ले गया। जहां डॉक्टरों ने मुस्कान को मृत घोषित कर दिया।
दामाद पर मृतका की हत्या करने का आरोप लगाते हुए पिता ने कहा- दामाद निलेश झूठ बोलकर बेटी को साथ ले गया था। कहा था कि मौसी के घर जा रहे हैं, लेकिन होटल ले गया। बेटी के सिर पर गंभीर चोट के निशान हैं। दामाद ने बेटी का मुंह पकड़कर सिर दीवार पर मारकर हत्या की है। पुलिस ने होटल में जांच पड़ताल की। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण साफ होगा। फिलहाल पुलिस ने पति निलेश को हिरासत में ले लिया है।
प्रेमनगर निवासी रामजीलाल सिमौलिया की बेटी मुस्कान की शादी 29 जून को मध्यप्रदेश के विदिशा निवासी निलेश से हुई थी। मुस्कान का 28 अक्टूबर को जेई (JE) का एग्जाम था। इसके लिए मायके आई थी। रामजी लाल ने बताया कि दामाद निलेश 23 अक्टूबर की रात करीब 11:30 बजे आया। अगले दिन वह अपनी मौसी के यहां गणेश विहार कॉलोनी जाने की कह कर मुस्कान को अपने साथ ले गया। उसने हमसे झूठ बोला था। वह उसे कहां ले गया, यह हमें नहीं पता था।
रविवार को निलेश का फोन आया कि आप रुद्र होटल आ जाइए। हमारे यहां रुद्र होटल नहीं है। हमने ढूंढा तो पता चला कि ऋषभ होटल है। जब हमने ऋषभ होटल में उनका बिल चेक किया, तो पता चला कि वह मुस्कान को अपनी मौसी के यहां न ले जाकर होटल में ले गया था। होटल का बिल 23 से 24 अक्टूबर तक का था।
निलेश ने उसे दोबारा फोन कपूर नर्सिंग होम बुलाया। इस पर वह कपूर नर्सिंग होम पहुंचे। लेकिन, वहां भी वह हमें नहीं मिला। इसके बाद निलेश ने हमें फोन करके कहा कि फिर कहा कि मेडिकल कॉलेज आ जाइए, तब हम वहां पहुंचे। इसके बाद उसने सिविल अस्पताल आने के लिए कहा। जब हम सिविल पहुंचे, तो वहां मुस्कान को मृत पाया। निलेश कह रहा है कि मुस्कान गिर गई थी। लेकिन, उसे संदेह है कि उसने मेरी मुस्कान का मुंह पकड़कर उसका सिर दीवार में मार दिया होगा। उसके सिर में चोट लगी है।
ससुर बोले- दामाद के दूसरी महिलाओं से संबंध
रामजीलाल सिमौलिया ने बताया- निलेश पहले प्राइवेट जॉब करता था। अभी 15 दिन पहले उसकी एमपी ग्रामीण बैंक में सोसाइटी मैनेजर के पद पर नौकरी लगी थी। सिमौलिया ने आरोप लगाया कि दामाद के दूसरी औरतों से संबंध हैं। उसकी पहले से एक पत्नी भी है, जो इंदौर में रहती है। यह बात हमें बेटी की शादी करने के बाद पता चली। वह बार-बार मेरी बेटी से कहता था कि मेरी पहली पत्नी बढ़िया है। तुम्हारे में वह बात नहीं है। पुलिस द्वारा पिता के आरोपों की जांच की जा रही है।














