गैस कटर से केबिन काट कर हेल्पर को निकाला
झांसी। सोमवार तड़के झांसी-ललितपुर हाईवे पर बबीना की डोंगरी पुलिस चौकी के पास जानवर को बचाने के चक्कर में कंटेनर से टकरा कर ट्रक लगभग 20 फीट गहरी खाई में गिर गया जबकि कंटेनर डिवाइडर पार कर दूसरी तरफ चला गया। ट्रक में सवार चालक सहित दो लोग गंभीर घायल हो गए।
दरअसल आगरा निवासी चालक राकेश सिंह (38) और हेल्पर शैलेंद्र (28) कांच की बोतलें लेकर हैदराबाद से दिल्ली जा रहे थे। सुबह 5 बजे डोंगरी चौकी के पास कंटेनर के सामने अचानक आवारा जानवर आया। उसे बचाने के लिए चालक ने ब्रेक लगाए जिससे पीछे से आ रहा ट्रक सीधे कंटेनर से टकराया।
भिड़ंत से कांच की बोतलों से लदा ट्रक अनियंत्रित होकर खाई में पलट गया। इस घटनाक्रम में शैलेंद्र दुर्घटनाग्रस्त ट्रक के केबिन में फंसा। 112 पुलिस और फायर ब्रिगेड ने गैस कटर से केबिन काटकर उसे बाहर निकाला। घायलों को मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती किया गया, हालत गंभीर है।














