झांसी/ललितपुर। उत्तर प्रदेश के बुंदेलखंड के झांसी मंडल के जिला झांसी, जालौन के बाद ग्रीन जिला ललितपुर में भी कोरोनावायरस की दस्तक से दहशत फ़ैल गई है। ललितपुर में कोरोनावायरस ने 36 वर्षीय स्वास्थ्य कर्मी को शिकार बनाया। मृतक ललितपुर जिला अस्पताल में संविदा काउंसलर के पद पर था और सेल्टर होम में ड्यूटी पर तैनात था। इसके बाद मृतक के सम्पर्क में आए 2 चिकित्सकों सहित 26 चिकित्साकर्मियों को कोरण्टाइन किया गया है और सम्बन्धित क्षेत्र को सैनेटाइज करना शुरू कर दिया गया है।

दरसल, अभी तक झांसी मंडल के जिला झांसी व जालौन में कोरोनावायरस का के शिकार की संख्या शनै: शनै: बढ़ रही है। जबकि मंडल का तीसरा जिला ललितपुर में एक भी पीड़ित नहीं होने पर उसे ग्रीन जोन में समझा जा रहा था। तीन दिन पूर्व ललितपुर जिला अस्पताल में संविदा काउंसलर 36 वर्ष के असलम खान बीमार हो गया। उसे खांसी, जुकाम की शिकायत होने पर जिला अस्पताल में भर्ती कर उपचार शुरू किया गया पर हालत बिगड़ी तो उसे मेडिकल कॉलेज झांसी भेजा गया। यहां उसे भर्ती कर कोरोना नमूना लिया गया। उसकी शुक्रवार की शाम मौत हो गई। इसके बाद आज जब उसके सैम्पल जांच की रिपोर्ट पॉजिटिव आई तो सनसनी फ़ैल गई। इसकी जानकारी लगने पर सीएमओ ललितपुर के निर्देश पर मृतक के सम्पर्क में आए 2 चिकित्सकों समेत 26 चिकित्साकर्मियों को कोरण्टाइन में रहने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं। इसके अलावा मृतक के मोहल्ले व आसपास के इलाकों को हाट जोन घोषित कर सेनेटाइज कराया गया है।

इस तरह झांसी मंडल में कोरोनावायरस से मरने वालों की संख्या तीन हो गई है। इसमें ग्रीन जोन ललितपुर में मिला पहला रोगी भी शामिल है।