प्रेमिका को चाकू मार जहर खाया

झांसी। वह अपनी पड़ोसी लड़की से इतनी मोहब्बत करता था कि किसी और से उसका बात करना भी गवारा नहीं था। प्रेमी ने अपनी मोहब्बत का इज़हार करते हुए जब किसी दूसरे से बात करने का विरोध किया तो विवाद हो गया और आवेश में आकर प्रेमी ने प्रेमिका को चाकू मार दिया और स्वयं भी जहर खाकर जान देने की कोशिश की। अब दोनों का उपचार चल रहा है। दोनों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

यह हादसा जनपद के थाना कोतवाली क्षेत्र के ओरछा गेट बाहर शांति भवन इलाके का है। शांति भवन इलाके में जितेंद्र व मुरली पड़ौसी हैं और किराए के मकान में रहते हैं। जितेंद्र की बेटी निशा (17) व मुरली का बेटा विनोद उर्फ विक्की (19) में कथित रूप से प्यार पनप रहा था। विनोद पड़ोसन निशा इस हद तक प्यार करता था कि उसे किसी दूसरे से बात करने नहीं देना चाहता था। यही वजह दोनों के बीच विवाद की बनी। बुधवार को विनोद व निशा मकान की छत पर बैठे उक्त मामले में बात कर रहे थे। इसी बीच दोनों में कहासुनी हुई और आवेश में आकर विनोद ने निशा के पेट में चाकू मार दिया। इसके बाद विनोद ने जहर खा लिया। सामने रहने वाले पड़ोसी ने यह देखा और घबराकर शोर मचाने लगा। आवाज सुनकर दोनों परिवारों के साथ मोहल्ले के लोग भी आ गए। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को उपचार के मेडीकल कॉलेज में भर्ती कराया, जहां दोनों का इलाज जारी है। ओरछा गेट चौकी इंचार्ज सरोत्तम सिंह का कहना है कि मामला प्रेम प्रसंग का है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

इधर, लड़की की मां का कहना है कि विनोद आए दिन उसकी लड़की के साथ शादी करने का दबाव बना रहा था, जब उसका विरोध किया गया तो लड़की पर जानलेवा हमला कर दिया जबकि विनोद का कहना है कि लड़की किसी और को भी प्यार करती थी। आए दिन फोन पर बात करती थी। उसके मना करने पर भी वह नहीं मानी। इस पर उनमें विवाद हो गया। आवेश में आकर उसने चाकू मार दिया।