झांसी की रानी के बलिदान दिवस की पूर्व संध्या पर किया दीपदान

झांसी। भारत चीन सीमा पर गलवान घाटी में सैनिकों के मध्य हुई झड़प में शहीद हुए भारत के जांबाज सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य मनीराम कुशवाहा के संयोजन में कांग्रेसजन रानी महल पर एकत्रित हुए और श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया। जिसमें शहीदों को याद करते हुए अश्रुपूरित श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
तदोपरांत कांग्रेसजन महारानी लक्ष्मी बाई के बलिदान दिवस की पूर्व संध्या पर झांसी दुर्ग के मुख्य द्वार पर पहुंचे और उत्तर प्रदेश कांग्रेस पंचायत चुनाव समिति के सदस्य डॉक्टर सुनील तिवारी के नेतृत्व में दीपदान किया। वीरांगना महारानी लक्ष्मीबाई के शौर्य और बलिदान से प्रेरणा लेकर राष्ट्रीय एकता, अखंडता, सांप्रदायिक सद्भाव और समाज के कमजोर लोगों के विकास के लिए कार्य करने का संकल्प दोहराया।

इस मौके पर डॉ सुनील तिवारी ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि सन 18 57 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम में झांसी की रानी वीरांगना महारानी लक्ष्मीबाई ने अपने शौर्य और पराक्रम से ब्रिटिश सेना के छक्के छुड़ा दिए थे उन्होंने देशभक्ति व राष्ट्रीय एकता की अनूठी मिसाल पेश की, जो आज हम सबके लिए प्रेरणास्पद है। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य मनीराम कुशवाहा ने कहा कि आजादी की प्रथम क्रांति की ज्वाला वीरांगना महारानी लक्ष्मीबाई ने न सिर्फ देश भक्ति बल्कि महिला शक्ति का ऐसा अनुपम उदाहरण प्रस्तुत किया है, जो संपूर्ण विश्व में श्रद्धा का पात्र है। उन्होंने देश की आजादी की ज्योति को प्रज्ज्वलित किया, जिससे प्रेरणा लेकर भारत के असंख्य शहीदों और सेनानियों ने देश की आजादी के लिए सर्वस्व न्योछावर किया और भारत को आजादी दिलाई। हमें अपने शहीदों के अधूरे सपनों को पूरा करने के लिए कार्य करना चाहिए। यही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। कार्यक्रम में वरिष्ठ कांग्रेसी नेता राजेंद्र शर्मा, पूर्व महिला जिला अध्यक्ष नीता अग्रवाल, महिला कांग्रेस अध्यक्ष मुन्नी देवी अहिरवार, पूर्व जिला महासचिव अमीरचंद आर्य, युवा नेता शादाब एवं अनिल कुशवाहा उपस्थित रहे।