– “‘प्रयास : सभी के लिए’ ने झुग्गी बस्ती के बच्चों के बीच पहुँचकर बाँटी उत्सव की खुशियाँ, मिठाई, पटाखे,
– चोकलेट, बिस्कुट, दिया , तेल-बाती एवं मोमबत्तियाँ भेंट कर मनाया दीपोत्सव”
झांसी। दीपावली केवल दीपों की जगमगाहट और आतिशबाजी का पर्व नहीं, बल्कि संवेदना, सद्भाव, सहभागिता और खुशियाँ बाँटने का महापर्व भी है। जब उत्सव की रोशनी समाज के उन कोनों तक पहुँचती है, जहाँ अभावों के कारण खुशियाँ अक्सर दस्तक नहीं दे पातीं, तभी पर्व का वास्तविक अर्थ सार्थक होता है। इसी मानवीय भावना को आत्मसात करते हुए सामाजिक संस्था ‘प्रयास : सभी के लिए’ ने अपने सेवा-सहायता प्रकल्प के अंतर्गत सीपरी बाजार स्थित झुग्गी बस्ती के एकलव्य विद्यालय में पहुँचकर गरीब, असहाय एवं वंचित बच्चों के साथ दीपावली की खुशियाँ साझा कीं।
संस्था अध्यक्ष के.डी. गुप्ता की अध्यक्षता एवं वरिष्ठ भाजपा नेता ,संस्थापक अध्यक्ष प्रयास सभी के लिए मनमोहन गेड़ा के नेतृत्व में इस आत्मीय सेवा आयोजन में धनतेरस की पूर्व संध्या पर लगभग 80 बच्चों को मिठाई, चोकलेट, बिस्कुट, पटाखों के पैकेट, दिया, तेल-बाती, मोमबत्तियाँ सहित दीपावली से जुड़ी आवश्यक सामग्री वितरित की गई। उपहार स्वरूप मिली सामग्री से बच्चों के चेहरों पर खिली प्रसन्नता और उनकी आँखों में चमकती उत्साह की रोशनी ने आयोजन को भावनात्मक रूप से अविस्मरणीय बना दिया।
कार्यक्रम के प्रारंभ में अध्यक्ष के.डी. गुप्ता ने विद्यालय संचालक आदित्य शुक्ला एवं विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं का स्वागत करते हुए आयोजन में उनके सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि दीपावली जैसे बड़े पर्व की खुशियाँ समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुँचना आवश्यक है। संस्था का सदैव यह प्रयास रहा है कि अभावों के बीच जीवन व्यतीत कर रहे लोगों के चेहरों पर मुस्कान लाई जाए। समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक सहयोग और अपनत्व पहुँचाना ही संस्था के सेवा-संकल्प का मूल आधार है।
इस अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेता, संस्थापक अध्यक्ष प्रयास सभी के लिए मनमोहन गेड़ा ने संस्था के मूल उद्देश्यों और सेवा-साधना की भावना को रेखांकित करते हुए कहा कि “प्रयास केवल एक संस्था का नाम नहीं, बल्कि समाज के प्रति हमारी संवेदनशील जिम्मेदारी और सकारात्मक संकल्प का प्रतीक है। हमारा विश्वास है कि त्योहारों की खुशियाँ तभी पूर्ण होती हैं, जब उनमें समाज का प्रत्येक व्यक्ति सहभागी हो। दीपावली के दीप तभी सार्थक हैं, जब उनकी रोशनी किसी जरूरतमंद के जीवन में भी आशा और प्रसन्नता का उजास भर सके। हमारा उद्देश्य केवल सामग्री वितरित करना नहीं, बल्कि उन बच्चों को यह अहसास कराना है कि वे भी हमारे अपने हैं और समाज की खुशियों में उनका भी समान अधिकार है। बच्चों की मुस्कान ही हमारे प्रयासों की सबसे बड़ी उपलब्धि और सबसे अनमोल प्रतिफल है।”
कार्यक्रम का मुख्य संयोजन जय सहगल व मोना सहगल ने किया, जबकि संयोजक के रूप में बैदेही शरण सरावगी व महेश चंद्र मिश्रा ने व्यवस्थाओं एवं आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इस अवसर पर संस्था के निवर्तमान अध्यक्ष रामबाबू शर्मा, दिनेश चौरसिया, अशोक अग्रवाल (पीएनबी),आर पी श्रीवास्तव, पवन नैयर, बी.पी नायक, एच एन शर्मा, राजेश गुप्ता, देवेश मिश्रा, अरुण खरे, नीलकमल श्रीवास्तव, अंबिका श्रीवास्तव , सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन नवीन श्रीवास्तव ने किया।
अंत में कोषाध्यक्ष दिनेश चौरसिया ने विद्यालय परिवार, सहयोगकर्ताओं एवं उपस्थित सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। ‘प्रयास : सभी के लिए’ का यह सेवा-सहायता प्रकल्प एक बार फिर इस संदेश को साकार कर गया कि दीपावली का असली प्रकाश मिट्टी के दीपों से कहीं अधिक, मनुष्यता, करुणा और परस्पर अपनत्व के दीप प्रज्वलित करने में निहित है।












