झांसी। कानपुर हाईवे पर झांसी जनपद के थाना नबावाद अंतर्गत कोछाभांवर में सूखे तालाब में 32 वर्ष के व्यक्ति की सर कुचली लाश  मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस निर्मम हत्या की गुत्थी को सुलझाने का प्रयास कर रही है। पुलिस ने आसपास के लोगों से भी घटना की  जानकारी ली है। इस मामले में कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

थाना नवाबाद के गुमनावारा निवासी आलोक तिवारी (32) मेडिकल कॉलेज के सामने  बने एक मेडिकल स्टोर पर कैशियर था। वह 8 मई की सुबह घर से दो तीन घण्टे बाद लौट कर आने की कह कर निकला था, लेकिन  देर रात घर नहीं लौटा। युवक का मोबाइल  भी लगातार स्विच ऑफ आने से परिजन चिंतित हो गए थे। परिजनों ने खोजबीन कर पता लगाने का प्रयास किया,  लेकिन जानकारी नहीं मिली तब 9 मई की सुबह नवाबाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने भी गुमशुदगी दर्ज कर  आलोक की तलाश शुरू कर दी थी, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला था। खोजबीन के चलते रविवार की सुबह कोछाभांवर में सूखे तालाब में लापता आलोक का रक्त रंजित शव लोगों  ने पड़ा देखा। सूचना मिलते ही नवाबाद  प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार मिश्र, विश्वविद्यालय चौकी प्रभारी परमेंदर सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। मृतक का शरीर पूरी तरह कुचला था और  सिर पर भी पत्थर से कई प्रहार किए थे। मौके से खून से सना भारी पत्थर भी  पुलिस को मिला है। पुलिस ने पत्थर को सुपुदर्गी में लेकर शव को पोस्टमार्टम  के लिए भेजा।